बॉलीवुड स्टार हर्षवर्धन राणे आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वह आज 42वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं।
हाल ही में हर्षवर्धन फिल्म एक दीवाने की दीवानियत में नजर आए थे, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। इससे पहले वह सनम तेरी कसम में दिखाई दिए थे। हर्षवर्धन लंबे समय से फिल्मों में काम कर रहे हैं और अब उनका नाम सफल अभिनेताओं की सूची में शामिल हो चुका है। कड़े संघर्ष के बाद हर्षवर्धन ने सफलता हासिल की है।
जानकर हैरानी होगी कि फिल्म स्टार बनने के सपने के साथ हर्षवर्धन महज 16 साल की उम्र में ही घर से भागकर मुंबई आ गए थे। मुंबई में उन्होंने लंबे समय तक अलग-अलग तरह के काम किए और फिर अभिनय की दुनिया में कदम रखा। एक समय ऐसा भी था जब हर्षवर्धन डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करते थे। इसके अलावा उन्होंने पीसीओ में भी नौकरी की। लंबे संघर्ष के बाद साल 2010 में उन्हें पहली बार फिल्मों में काम करने का मौका मिला।
हालांकि हर्षवर्धन को पहला ब्रेक बॉलीवुड में नहीं मिला था। घर से भागकर वह बॉलीवुड स्टार बनने मुंबई आए थे, लेकिन उन्हें पहला मौका साउथ इंडस्ट्री ने दिया। साल 2010 में हर्षवर्धन ने साउथ की फिल्म थकीता थकीता से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। वहीं उनके एक्टिंग करियर की शुरुआत फिल्मों से पहले टीवी सीरियल से हुई थी। साल 2008 में वह एक टीवी सीरियल में नजर आए थे।
थकीता थकीता से फिल्मों में एंट्री करने के बाद हर्षवर्धन ने लंबे समय तक साउथ की फिल्मों में काम किया। इसके बाद साल 2016 में उन्होंने फिल्म सनम तेरी कसम से बतौर हीरो बॉलीवुड में डेब्यू किया। हालांकि 2016 में रिलीज़ होने पर इस फिल्म को खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था, लेकिन इस साल री-रिलीज़ होने के बाद हर्षवर्धन की किस्मत बदल गई। री-रिलीज़ में सनम तेरी कसम को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, जिसके बाद हर्षवर्धन को लगातार काम मिलने लगा।
#harshvardhanrane #entertainment #bollywoodstars #nonfollowers #bollywood






